उत्तर प्रदेश के केन्द्र लखनउ के पुराने नगर क्षेत्र में बीती रात भड़की हिंसा के बाद आज दिन भर न सिर्फ़ अफ़वाहो का बाज़ार गर्म रहा बल्कि कई स्थानों पर छिटपुट घटनाओं के कारण तनाव बना हुआ है जबकि ज़िलाधिकारी अनुराग यादव का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
बीती रात नौ बजे वज़ीरगंज थाना क्षेत्र में स्थित डिप्टी साहब के इमामबाड़े में आयोजित एक शोकसभा के बाद बाहर निकल रहे मुसलमानों के एक समुदाय के लोगों पर दूसरे समुदाय के लोगों ने अंधाधुंध फ़ायरिंग कर दी जिससे दो लोगों की मृत्यु हो गयी और एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिनमें दो की स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है। आज दोपहर एक बार फिर हिंसा उस समय भड़क उठी जब कल रात गोली में मारे गए 26 वर्षीय एक युवक का शव तहसीनगंज के एक इमामबाड़े से दफ़्न के लिए इमामबाड़े ग़ुफ़रानमआब ले जाया जा रहा था। शव यात्रा में शामिल कुछ युवक रास्ते में उत्तेजित हो गये और उन्होंने न सिर्फ़ कई दुकानों में तोड़-फोड़ की बल्कि एक दूसरे समुदाय के युवक की पिटाई भी कर दी जिसे घायल अवस्था में ट्रामा सेंटर में भरती कराया गया है। इस बीच मृतक के शव को मेडिकल कॉलेज चौराहे पर रख कर घंटों प्रदर्शन किया गया। बाद में प्रशासन ने समझाने और तेज़ बारिश के कारण शव को दफ़्न कर दिया गया। पुलिस ने घटना के तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ़्तार करने का दावा किया है।
...........
166